कलेक्टर पर अभद्र टिप्पणी के मामले में पूर्व मंत्री बद्रीलाल यादव गिरफ्तार, रिहा
राजगढ़/ब्यावरा। राजगढ़ कलेक्टर निधि निवेदिता पर अभद्र टिप्पणी करने के मामले में शुक्रवार दोपहर पूर्व मंत्री बद्रीलाल यादव को पुलिस ने घर से गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया। अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश की अदालत ने 20-20 हजार रुपए के मुचलके पर दोनों मामलों में जमानत दे दी।
एस डी एम की शिकायत पर पूर्व मंत्री के खिलाफ मामला दर्ज किया था
ब्यावरा सिटी थाने में एसडीएम संदीप अस्थाना की शिकायत पर पूर्व मंत्री के खिलाफ गुरुवार को मामला दर्ज किया गया था। उन्होंने 23 जनवरी को भाजपा की सभा में मंच से कलेक्टर के खिलाफ अपशब्द बोले थे।
गिरफ्तारी के बाद पूर्व मंत्री को कोर्ट ले जाया गया
टीआई डीपी लोहिया ने बताया कि घर से गिरफ्तारी के बाद पूर्व मंत्री को कोर्ट ले जाया गया था। न्यायालय से 20 हजार के मुचलके पर धारा-282 और 188 के तहत जमानत मिली। वहीं, इससे पहले दर्ज हुए धारा-147, 188 और 341 के मामले में भी पूर्व मंत्री को 20 हजार के मुचलके पर जमानत दी गई। वहीं राजगढ़ में महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कलेक्टर के पक्ष में धरना देकर प्रदर्शन किया।
उल्लेखनीय है कि गत 19 जनवरी को राजगढ़ जिले के ब्यावरा में नागरिकता संशोधन कानून (सीएए)के समर्थन में निकाली गई तिरंगा यात्रा के दौरान कलेक्टर निधि निवेदिता ने भाजपा के जिला मीडिया प्रभारी रवि बड़ोने को थप्पड़ मार दिया था। इस दौरान डिप्टी कलेक्टर प्रिया वर्मा ने भी एक कार्यकर्ता को थप्पड़ मार दिए थे।
इसके विरोध में भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय, पूर्व मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान, प्रदेशाध्यक्ष राकेश सिंह, विस में नेता प्रतिपक्ष गोपाल भार्गव ने बुधवार को सभा ली थी। वरिष्ठ नेताओं के मंच पर पहुंचने से पहले ही पूर्व मंत्री ने कलेक्टर पर अशोभनीय टिप्पणी की थी