तीन दिवसीय राजगीर महोत्सव का उद्घाटन सीएम नीतीश कुमार ने किया

राजगीर के कन्वेंशन हॉल में तीन दिवसीय राजगीर महोत्सव का उद्घाटन सीएम नीतीश कुमार ने सोमवार को किया। इस मौके पर सीएम ने जहां राजगीर के पौराणिक इतिहास की चर्चा की, वहीं यहां गिरते जलस्तर पर चिंता भी जतायी।


उन्होंने भू-जल के अंधाधुंध दोहन से बचने की अपील करते हुए कहा कि यहां के निवासियों के पेयजल की समस्या दूर करने के लिए हम गंगा का पानी यहां ला रहे हैं। गंगा का पानी राजगीर में संगृहीत किया जायेगा और यहां से राजगीर व आसपास के गांवों में आपूर्ति की जायेगी। इतना ही नहीं, हम गंगा के पवित्र जल को बोधगया तक ले जायेंगे।


उन्होंने कहा कि राजगीर सभी धर्मों का एक पवित्र स्थल है, इसलिए इसे विकसित करने के लिए सरकार एक महत्वाकांक्षी योजना पर काम कर रही है। इसके पहले चरण में राज्य के सभी बौद्ध स्थलों को बौद्ध सर्किट से जोड़ा रहा है।


उन्होंने कहा कि इसी कड़ी में गुरुनानक का 550वां प्रकाशोत्सव राजगीर में दिसंबर माह में मनाया जायेगा, जिसमें देश भर से सिख धर्म के लोग शामिल होंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि राजगीर का पौराणिक इतिहास रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राजगीर के कुंडों में जल धरती के अंदर से आता  है।